एजेंसियां— सिडनी
दुनिया के सबसे विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों में शामिल स्मृति मंधाना इन दिनों द हंड्रेड 2026 टूर्नामेंट में धूम मचा रही हैं। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए मंधाना ने सनराइजर्स लीड्स के खिलाफ हेडिंग्ले मैदान पर विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मंधाना ने 50 गेंदों में नाबाद 88 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को 4 गेंद शेष रहते 4 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। 143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान मेग लैनिंग महज 24 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते चले गए। महज 71 के स्कोर पर आधी टीम पैवेलियन लौट चुकी थी।
पूरी टीम में मंधाना और लैनिंग के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका, लेकिन मंधाना ने एक छोर संभाले रखा। टीम को आखिरी 25 गेंदों में 44 रन की दरकार थी, तब मंधाना ने गियर बदला और भारतीय साथी खिलाड़ी दीप्ति शर्मा के खिलाफ गगनचुंबी छक्का जड़ा। 91वीं गेंद पर मंधाना को एक जीवनदान मिला, जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने लगातार दो छक्के जडक़र खेल खत्म कर दिया। अपनी 88 रनों की नाबाद पारी में उन्होंने 7 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े। इससे पहले डैनी गिब्सन की कप्तानी वाली सनराइजर्स लीड्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 4 विकेट पर 142 रन बनाए थे।