कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में नगर निगम आयुक्त सोलन IAS राजदीप सिंह

मोहिनी सूद-सोलन

सोलन नगर निगम के नवनियुक्त आयुक्त राजदीप सिंह (आईएएस) ने कार्यभार संभालते ही सोलन शहर के समग्र विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। दिव्य हिमाचल से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि सोलन को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर से जुड़ी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा और प्रत्येक कार्य जनहित को केंद्र में रखकर किया जाएगा।

नवनियुक्त आयुक्त राजदीप सिंह ने कहा कि शहर में विभिन्न क्षेत्रों से जो समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका गंभीरता से अध्ययन किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द ही एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि लोगों को समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाया जाएगा और नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।आयुक्त राजदीप (आईएएस) ने कहा कि शहर में सबसे अधिक शिकायतें पेयजल आपूर्ति और कूड़ा प्रबंधन को लेकर मिल रही हैं। कार्यभार संभालने के बाद उनसे मिलने पहुंचे लोगों ने भी इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को कई बार आवश्यक कार्यों के लिए नगर निगम कार्यालय में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए उनके लिए विशेष सुविधा विकसित करने की योजना बनाई जाएगी, जिससे उन्हें सम्मानजनक और सहज सेवाएं मिल सकें। उनका कहना था कि प्रशासन का दायित्व है कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को समझते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। युवाओं को लेकर भी आयुक्त ने सकारात्मक सोच व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगर निगम युवाओं को शहर के विकास और स्वच्छता जैसे अभियानों से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम शुरू करेगा। युवाओं की भागीदारी से शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे। साथ ही डिजिटल सेवाओं और जनसहभागिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

राजदीप सिंह आईएएस ने कहा कि सोलन एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी नगर निगम का सहयोग करने और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के सहयोग से सोलन को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आने वाले समय में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनसुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान देगा, ताकि शहर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर शहरी सेवाओं का लाभ मिल सके।