टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे का किया क्लीन स्वीप, 35 रन से दी मात, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मिली पहली ट्रॉफी

तीसरे टी-20 में 35 रन से दी मात, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मिली पहली ट्रॉफी

एजेंसियां — हरारे

भारत ने जिम्बाब्वे को तीसरे टी-20 में 35 रन से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। हरारे में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। भारत की जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने 49 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में मयंक यादव ने तीन विकेट लिए। यश ठाकुर को दो विकेट मिले।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन (29) ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन जोडक़र पारी संभाली। ईशान के आउट होने के बाद वैभव ने कप्तान श्रेयस अय्यर (27) के साथ 50 रन की साझेदारी की। 193 रन का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे कुल 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बना पाई।

वैभव प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज

वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने तीन मैचों में 151 रन बनाए। मैच के बाद वैभव ने कहा कि हरारे पहुंचने के बाद टीम ने दो-तीन दिन अच्छी तैयारी की थी और उन्हें यहां खेलना हमेशा पसंद है। वैभव ने कहा, मेरा लक्ष्य हर मैच में टीम को तेज शुरुआत दिलाना था। अगर अच्छी शुरुआत मिल जाए तो पारी को बड़ा बनाने की कोशिश करता हूं। दोनों अवॉर्ड को वैभव ने सपना सच होने जैसा पल बताया।