आज बोह में आपदा प्रभावितों से मिलेंगे मुख्यमंत्री, बारिश से हुए नुकसान का मौके पर लेंगे जायजा

प्रभावितों के जख्मों पर लगाएंगे मरहम, बड़े ऐलान की उम्मीद
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले डीसी एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को कांगड़ा जिला के अहम दौरे पर आ रहे हैं। उनका मुख्य फोकस शाहपुर क्षेत्र के बोह गांव में बादल फटने से आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना रहेगा। मुख्यमंत्री सीधे ग्राउंड जीरो पर जाकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और पीडि़त परिवारों से मुलाकात कर हाल जानेंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री धर्मशाला में जिला के विकास कार्यों की नब्ज टटोलेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा करेंगे। बोह में बादल फटने से करीब तीन दर्जन से अधिक लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के कारण पूरे क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुख्यमंत्री का दौरा केवल आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं रहेगा। बोह में राहत कार्यों का जायजा लेने के बाद सीएम सुक्खू धर्मशाला पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

नगरोटा बगवां में कल बाल मेले का करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री का कांगड़ा दौरा दूसरे दिन 27 जुलाई को भी जारी रहेगा। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सोमवार को नगरोटा बगवां में आयोजित होने वाले बाल मेला कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री के इस अहम दौरे को लेकर कांगड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। दौरे से ठीक पहले कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा और पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बोह घाटी का दौरा कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।