चंबा में आज से सजेगा अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला, चौगान में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे उत्सव का आगाज

विधानसभा अध्यक्ष भी करेंगे शिरकत

सुबह नगर परिषद कार्यालय से निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा

सफल आयोजन को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला 2026 का रविवार को भगवान रघुवीर को मिंजर अर्पित करने की रस्म के साथ ही आगाज हो जाएगा। ऐतिहासिक चौगान में ध्वजारोहण की रस्म अदायगी के साथ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता विधिवत तरीके से मेले का शुभारंभ करेंगे। राज्यपाल मिंजर मेला के दौरान सजे विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टाल का अवलोकन करने के बाद खेलकूद गतिविधियों का शुभारंभ भी करेंगे। रविवार सवेरे नगर परिषद कार्यालय से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। ऐतिहासिक लक्ष्मीनाथ और बंसी गोपाल मंदिर में मिंजर अर्पित करने के बाद शोभायात्रा पिंक पैलेस स्थित भगवान रघुवीर के मंदिर पहुंचेगी, जहां विधिवत तरीके से पूजा- अर्चना की जाएगी।

पिंक पैलेस में भगवान रघुवीर को मिंजर अर्पित करने की रस्म मिर्जा परिवार के सदस्य एजाज मिर्जा अदा करेंगे। इसके बाद हरिराय मंदिर में मिंजर अर्पित कर शोभयात्रा वापस चौगान का रुख करेगी। ऐतिहासिक चौगान में राज्यपाल मिंजर मेले का ध्वजारोहण के साथ उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही आठ दिवसीय मिंजर मेले में विभिन्न गतिविधियों के आयोजन का सिलसिला भी आरंभ हो जाएगा। सांझ पहर राज्यपाल मेले की सांस्कृतिक संध्या का भी दीप प्रज्ज्वलित करके शुभारंभ करेंगे। जिला प्रशासन ने मिंजर मेले के सफल आयोजन को लेकर तमाम तैयारियों को पूरा कर लिया है। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि मिंजर मेले के शुभारंभ मौके पर राज्यपाल मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी विशेष तौर से मौजूद रहेंगे।

बाहरी राज्यों के कारोबारियों ने जमाया डेरा

मिंजर मेले में बाहरी राज्यों से कारोबार के लिए व्यापारियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। रविवार को भगवान रघुवीर को मिंजर अर्पित करने की रस्म अदायगी के साथ ही मिंजर मेले की विभिन्न गतिविधियां आरंभ हो जाएंगी।