शिमला। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में फार्मेसी ऑफिसर (एलोपैथी) के 18 पदों पर भर्ती के लिए दस्तावेज जांच और काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। रोजगार विभाग के माध्यम से बैचवाइज आधार पर होने वाली भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। काउंसिलिंग चार और पांच सितंबर को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र परिमहल शिमला में होगी।
विभाग के अनुसार रोलनंबर एक से 57 तक के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग चार सितंबर को सुबह साढ़े नौ बजे और रोलनंबर 58 से 113 तक के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग पांच सितंबर को इसी समय होगी। 18 पदों में सामान्य वर्ग के सात, ईडब्ल्यूएस के दो, एससी के चार, एससी अंत्योदय, बीपीएल का एक, ओबीसी सामान्य के दो, ओबीसी अंत्योदय, बीपीएल का एक और एसटी का एक पद शामिल है। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, रोजगार एक्सचेंज कार्ड, हिमाचल फार्मेसी काउंसिल का वैध पंजीकरण, श्रेणी प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र और हिमाचल का बोनाफाइड प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज लाने होंगे।