डीईएलएड के लिए 46 खिलाड़ी योग्य, स्पोट्र्स काउंसिलिंग पूरी, 85 अभ्यर्थियों में से 61 ने लिया हिस्सा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के नेतृत्व में डीईएलईडी-सीईटी -2026 (सत्र 2026-2028) की स्पोट्र्स काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डॉ. शर्मा ने घोषणा की है कि उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के तहत 46 खेल प्रतिभाओं को डीईएलईडी के लिए पात्र पाया गया है। इन सभी होनहार खिलाडिय़ों को अब नियमानुसार खेलकूद के निर्धारित अंकों का सीधा लाभ मिलेगा। बोर्ड मुख्यालय, धर्मशाला में 5 और 6 अगस्त ,2026 को आयोजित इस विशेष सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन का विस्तृत ब्यौरा देते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इसके लिए कुल 85 अभ्यर्थियों को बुलावा भेजा गया था।

इनमें से 61 अभ्यर्थियों ने मौके पर पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाया, जबकि 24 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दस्तावेजों की गहन जांच के बाद 61 में से 46 अभ्यर्थियों को स्पोट्र्स कोटे के तहत पूर्ण रूप से योग्य घोषित किया गया है। नियमों की सख्ती और निष्पक्षता का हवाला देते हुए बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने वैध खेल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किए या जो काउंसिलिंग से नदारद रहे, उनकी स्पोट्र्स कोटे की पात्रता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को अब मेन कैटेगरी में शिफ्ट कर दिया गया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि मेन कैटेगरी में शामिल किए गए कुल 39 अभ्यर्थियों में से निर्धारित पासिंग क्राइटेरिया के आधार पर 17 अभ्यर्थी उत्तीर्ण और 22 अनुत्तीर्ण रहे हैं। बोर्ड ने इन सभी का संशोधित परिणाम और मेरिट सूची भी जारी कर दी है।

अभ्यर्थी डीईएलईडी के सीट आबंटन और आगामी काउंसिलिंग से जुड़ी ताजा अपडेट्स के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

डा. राजेश शर्मा, अध्यक्ष, स्कूल शिक्षा बोर्ड