शिक्षा निदेशालय में 28 शिक्षकों ने दी प्रेजेंटेशन
कई स्थानों पर सडक़ें बंद होने के कारण 23 अध्यापकों ने ऑनलाइन दी प्रस्तुति
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश में स्टेट टीचर अवार्ड-2026 के तहत विशेष श्रेणी में चयन प्रक्रिया अब अंतिम चरण की ओर बढ़ गई है। शिक्षा निदेशालय को प्राप्त करीब 150 आवेदनों में से विशेष श्रेणी के लिए 51 शिक्षकों एवं शिक्षा अधिकारियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। रविवार को इन अभ्यर्थियों की उपलब्धियों और कार्यों के आधार पर निदेशालय स्तरीय लघु सूची समिति के समक्ष प्रस्तुतिकरण कराया गया। इनमें 28 शिक्षक अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से अपनी प्रस्तुति दी, जबकि लगातार बारिश और सडक़ संपर्क प्रभावित होने के कारण 23 शिक्षक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपना पक्ष रखा।
शिक्षा निदेशालय की ओर से शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के अनुसार अपनी उपलब्धियों, नवाचारों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य सामग्री प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुति देने वाले अभ्यर्थियों में शिमला, सोलन और बिलासपुर जिलों के शिक्षक एवं शिक्षा अधिकारी शामिल रहे।शिक्षा निदेशालय की ओर से राज्य शिक्षक सम्मान योजना-2026 के तहत प्राप्त आवेदनों की छंटनी और मूल्यांकन की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही है। विशेष श्रेणी में चयनित शिक्षकों एवं शिक्षा अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय कार्य, नवाचार, शैक्षणिक योगदान आदि निर्धारित मानकों के आधार पर सम्मान के लिए चुना जाएगा।
अलग-अलग मिलेगा इनाम
सरकार ने इस साल विभिन्न श्रेणियों जेबीटी, मुख्य शिक्षक, सी एंड वी शिक्षक, टीजीटी, प्रवक्ता, डीपीई, पीईटी, प्रधानाध्यापक और प्राचार्य के लिए अलग-अलग अवार्ड देने का फैसला लिया है। सरकारी स्कूलों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 25 शिक्षकों, मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों को इस वर्ष राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
समिति करेगी अंतिम चयन
प्रस्तुतिकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राज्य शिक्षक सम्मान-2026 के लिए विशेष श्रेणी में अंतिम चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। अंतिम चयन शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा निर्धारित मूल्यांकन मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। इससे पहले निदेशालय स्तरीय लघु सूची समिति अभ्यर्थियों की उपलब्धियों और प्रस्तुतिकरण का विस्तृत मूल्यांकन करेगी।