अनुराग ठाकुर के बोल, पेट्रोल-डीजल पर सेस बढ़ाना जनता की जेब पर प्रहार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर सेस बढ़ाए जाने पर तीखा हमला बोला। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के महज दो महीनों में ही वैट में बढ़ोतरी की गई और डीजल पर वैट बढ़ाकर 10.40 रुपए कर दिया गया। इसके बाद पांच रुपए का अतिरिक्त सेस लगाया गया। उन्होंने कहा कि तेल के माध्यम से आम आदमी की जेब पर यह चौथा हमला है।

पेट्रोल-डीजल के बाद बस किराया और सीमेंट के दाम बढ़ाकर पहले ही जनता की मुश्किलें बढ़ाई जा चुकी हैं और अब फिर ईंधन महंगा कर प्रदेशवासियों का मासिक बजट बिगाडऩे का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल का ट्रक चालक, किसान, व्यापारी और आम उपभोक्ता महंगे पेट्रोल-डीजल की मार झेल रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार आंखें मूंदकर बैठी है।

तंज कसा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का हिमाचल में खटाखट मॉडल अब खटारा मॉडल बन चुका है। सरकार लगातार टैक्स, वैट और सेस बढ़ाकर आम जनता की जेब पर बोझ डाल रही है।