भारतीय दूतावास पर हमले की निंदा, विदेश मंत्रालय की स्लोवेनिया को दोटूक, ऐसा कतई मंजूर नहीं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

स्लोवेनिया में भारतीय दूतावास पर हमले की भारत सरकार की तरफ से निंदा की गई है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को स्लोवेनिया के लुब्लियाना में भारत विरोधी तत्त्वों द्वारा दूतावास की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने इस मामले को स्लोवेनियाई अधिकारियों के समक्ष भी उठाया गया है। मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि हमारे दूतावास की संपत्तियों को जिस तरह से नुकसान पहुंचा गया है, हम उसकी निंदा करते हैं। वियना कन्वेंशन के तहत, राजनयिक परिसरों पर हमले की मनाही है। उन्हें संरक्षित किया जाना चाहिए। पता चला है कि इस घटना में कुछ खालिस्तान समर्थक तत्त्व शामिल थे।

नई दिल्ली और स्लोवेनिया में उठा मुद्दा

विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस मुद्दे को स्लोवेनियाई अधिकारियों के सामने नई दिल्ली और लुब्लियाना दोनों जगहों पर उठाया गया है, ताकि ऐसे निंदनीय कृत्यों के पीछे के अपराधियों को जिम्मेदार ठहराया जा सके। साथ ही अन्य जगहों पर कानून लागू करने वाले अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे ऐसे समूहों द्वारा फैलाए जा रहे नफरत भरे प्रचार और गलत जानकारी पर ध्यान दें।