बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में शुक्रवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है और 15 अन्य घायल हो गए हैं। यह घटना बैंकॉक के उत्तर-पश्चिमी बाहरी इलाके में बंग क्रुआइ जिला के डेब्सीरिन नोंगथबुरी स्कूल में हुई। बैंकॉक पुलिस ने बताया कि घटना में संदिग्ध हमलावर की भी मौत हो गई है।
वह नौवीं कक्षा का छात्र था और महज 14 वर्ष का था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने एक शिक्षक को गोली मारने से पहले अलग-अलग कक्षाओं में घूम-घूमकर गोलीबारी की। थाईलैंड में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले साल फरवरी में, दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई जिले में एक स्कूल में एक बंदूकधारी द्वारा गोलीबारी किए जाने के बाद एक शिक्षक की मौत हो गई थी और एक छात्र घायल हो गया था। इसके अलावा अक्तूबर 2022 में नोंग बुआ लाम्फू प्रांत में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने बंदूक और चाकू से किए गए हमले में बच्चों सहित कई लोगों की हत्या कर दी थी।