बैंक ऑफ बड़ौदा ने 206 पदों के लिए ग्रेजुएट्स से मांगे आवेदन

बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से एक बेहद अच्छी खबर आई है। बैंक ने विभिन्न विभागों में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के कुल 206 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती निकाली है। इस भर्ती प्रक्रिया की खास बात यह है कि इसमें केवल पारंपरिक बैंकिंग पदों के लिए ही नहीं, बल्कि डिजिटल बैंकिंग, आईटी सुरक्षा, डाटा साइंस, सिविल व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सुरक्षा और कॉरपोरेट टैक्स प्लानिंग जैसे कई आधुनिक और तकनीकी विभागों के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। योग्य उम्मीदवार 26 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा जारी पदों में मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर, टेक्निकल मैनेजर और टेक्निकल ऑफिसर जैसे कई ग्रेड स्केल के पद शामिल हैं।

शैक्षणिक योग्यता: आवेदकों के पास पद के अनुसार किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से इंजीनियरिंग, कम्प्यूटर साइंस, एमसीए, कॉमर्स में ग्रेजुएशन/ पोस्ट-ग्रेजुएशन या फिर सीए/ आईसीडब्ल्यूए/सीएमए जैसी प्रोफेशनल डिग्री होनी अनिवार्य है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव मांगा गया है।

आयुसीमा: विभिन्न पदों के अनुसार न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 43 वर्ष तक तय की गई है। आयु की गणना पहली अगस्त, 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु में छूट दी जाएगी।

आवेदन शुल्क: सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग को 850 रुपए, एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक व महिला अभ्यर्थियों को 175 रुपए शुल्क का भुगतान करना होगा।

चयन प्रक्रिया

अभ्यर्थियों का चयन प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी व शॉर्टलिस्टिंग के बाद ऑनलाइन लिखित परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन (यदि आवश्यक हो) और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।