मंडी। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्रकृतिक गैस मन्त्रालय ने हिमाचल से भाजपा नेत्री डॉक्टर अर्चना ठाकुर को सार्वजनिक क्षेत्र के नवरत्न उपक्रम तेल और प्रकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) की तीन वर्ष के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। मूलत: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के घागस क्षेत्र से संबंध रखने वाली डॉक्टर अर्चना ठाकुर अपने परिवार के साथ कुल्लू में रहती हैं।
एक सैनिक परिवार की पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाली डॉक्टर अर्चना ठाकुर की स्कूल और कालेज की शिक्षा शिमला में हुई और उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से वर्ष 1999 में राजनीतिक विज्ञानं में डॉक्टरेट की डिग्री ग्रहण की। वह मौजूदा समय में हिमाचल भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। इससे पहले वह राज्य भाजपा की आईटी और सोशल मीडिया सेल की दो बार कमान संभाल चुकी हैं। उनका दो दशकों का शैक्षणिक, प्रशासनिक और समाज सेवा का अनुभव है। उन्होंने महिलाओं के सामुदायिक विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए अथाह काम किया है जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। वह इस प्रतिष्ठित पद पर मनोनीत होने वाली पहली हिमाचली महिला हैं।