चंबा। जिला चंबा के उपमंडल चुराह के तहत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर शनिवार सवेरे निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक व परिचालक सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में कुल 18 लोग सवार बताए गए हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। जहां से छह घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है उपमंडलीय प्रशासन की ओर से घायलों को पांच- पांच हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शर्मा ट्रैवलर्स की यह बस शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। अभी बस ने महज तीन किलोमीटर का सफर ही तय किया था कि चालुज मोड़ के पास अचानक चालक बस पर से संतुलन खो बैठा और बस नीचे की ओर गिर गई। घटना का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हुए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल तीसा भिजवाया। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बस हादसे में सात लोगों की मौत और ग्यारह के घायल होने की पुष्टि की है
मृतकों के नाम
1. जगदेव शर्म पुत्र श्री धर्म सिंह गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा 50 साल
2. देस राज पुत्र त्रिलोचन गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा वउम्र 35 साल
3. तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल गांव सत्यास डाकघर तरेला तहसील चुराह जिला चम्बा वउम्र 39 साल (परिचालक)
4. जगदेई पुत्री हरि लाल गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा वउम्र 24 साल
5. हरदेई पत्नी जगदेव गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा व उम्र 43 साल
6. नीलम पत्नी मोती सिंह वीपीओ देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा वउम्र 34 साल
7. रूप सिंह पुत्र राधा राम गांव चिल्ली डाकघर थल्ली तहसील चुराह जिला चम्बा व उम्र 35 साल (चालक)