कार्यालय संवाददाता— मंडी
हिमाचल में शतरंज की नई प्रतिभाएं तेजी से उभर रही हैं। प्रदेश के शतरंज जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि में मंडी जिला के छह नवोदित खिलाडिय़ों ने सुंदरनगर में पांचवीं फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता के दौरान पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग हासिल की है। एक ही प्रतियोगिता से छह नए खिलाडिय़ों का अंतरराष्ट्रीय रेटिंग सूची में शामिल होना हिमाचल में प्रतिस्पर्धात्मक शतरंज के लगातार बढ़ते स्तर का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ के तत्वावधान में जिला मंडी शतरंज संघ द्वारा हाल ही में सुंदरनगर में पांचवीं फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाडिय़ों ने भाग लिया और तीन दिनों तक चले मुकाबलों में अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
जिला मंडी शतरंज संघ के प्रवक्ता हंसराज ठाकुर ने बताया कि मंडी के जिन छह खिलाडिय़ों ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग प्राप्त की है, उनमें प्रियांशु ठाकुर को 1696, राहुल मेहता को 1508, समन्वय सिंह ठाकुर को 1504, ऋषि राघवा को 1467, काव्या शर्मा को 1437 तथा चैतन्य गोस्वामी को 1403 की रेटिंग मिली है। जिला मंडी शतरंज संघ के अध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, महासचिव राज कुमार शर्मा और उपाध्यक्ष जीत राम ठाकुर सहित सभी पदाधिकारियों ने खिलाडिय़ों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिक से अधिक फिडे रेटेड प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा खिलाडि़य़ों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
20 से अधिक खिलाड़ी बने अंतरराष्ट्रीय ईलो रेटिंगधारी
मंडी जिला में अब 20 से अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय ईलो रेटिंग प्राप्त कर चुके हैं। यह उपलब्धि प्रदेश में शतरंज के विस्तार और युवा खिलाडिय़ों की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है। विशेष रूप से युवाओं और स्कूली खिलाडिय़ों में शतरंज के प्रति बढ़ते रुझान के बीच फिडे रेटेड प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर प्रदान कर रही हैं।
प्रतियोगिता में नए खिलाडिय़ों के बीच सिरमौर के आदर्श ठाकुर ने 1935 की सर्वाधिक रेटिंग हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। उनके प्रदर्शन ने भी प्रदेश की उभरती शतरंज प्रतिभाओं की क्षमता को रेखांकित किया।