दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। श्री खडग़े ने कहा कि भाजपा ध्यान भटकाने वाले स्टंट और बेतुकी बातों में लोगों को उलझाकर अपनी करतूतों पर पर्दा डालना चाहती है, लेकिन कांग्रेस और जनता महंगाई के मुद्दे पर सवाल पूछती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को 12 साल हो गए हैं, लेकिन अच्छे दिन नहीं आए। श्री खडग़े ने त्योहारों के बीच आम आदमी की रसोई पर पड़ रहे महंगाई के असर का जिक्र करते हुए कहा कि प्याज के दाम एक साल में 59 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं और कई शहरों में यह 50 से 60 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
उन्होंने चीनी की कीमत 60 से 70 रुपए प्रति किलो और कुछ जगहों पर 72 रुपए तक पहुंचने का दावा किया। वहीं, सरसों तेल के दाम 200 रुपए प्रति लीटर से अधिक होने की बात कही। कांग्रेस अध्यक्ष ने खाद्य महंगाई दर 5.52 प्रतिशत और थोक महंगाई दर 9.78 प्रतिशत का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन अच्छे दिनों में कभी दाल, कभी सब्जी, कभी तेल और कभी चीनी आम आदमी का बजट बिगाड़ती रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को ध्यान भटकाने के बजाय महंगाई पर जवाब देना चाहिए और जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।