नेपाल के भोटेकोशी बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 626 हुई, 2,426 लोग अब भी लापता

काठमांडू। नेपाल के भोटेकोशी में बुधवार को आयी विनाशकारी बाढ़ और उसके बाद निचले इलाकों में भारी तबाही से मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गयी है, जबकि 2,426 लोग अब भी लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) की शनिवार सुबह 10 बजे जारी नवीनतम जानकारी के अनुसार, अब तक 4,451 लोगों को बचाया गया है और 101 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। लापता लोगों में नेपाल पुलिस के 27 जवान भी शामिल हैं। बचाव, खोज और राहत कार्यों के लिए कुल 15,224 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

पुलिस ने आज सुबह छह बजे तक 616 शव बरामद किये थे। इनमें चितवन में 233, नवलपरासी पूर्व में 158, गोरखा में 48, नवलपरासी पश्चिम में 47, धादिंग में 45, नुवाकोट में 41, तनहुं में 31 और रसुवा में 13 शव शामिल हैं। बाद में जारी अद्यतन आंकड़ों में राष्ट्रीय स्तर पर मृतकों की संख्या 626 पहुंच गई। प्रभावित जिलों में खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। पुलिस स्थानीय लोगों और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर लापता लोगों का पता लगाने तथा बाढ़ में फंसे लोगों को सहायता पहुंचाने में जुटी है।

प्रशासन बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है। साथ ही, बाढ़ के मलबे और भूस्खलन के कारण बंद हुई सड़कों को साफ कर आवागमन बहाल करने तथा राहत कार्यों के लिए रास्ते खोलने का काम जारी है। बुधवार सुबह उत्तरी नेपाल के रसुवा और आसपास के जिलों में आयी प्रलयकारी बाढ़ से भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में पानी और मलबे का तेज बहाव ला दिया था। बाढ़ की चपेट में आने से मकान, पुल, सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे बह गए तथा कई इलाकों से संपर्क टूट गया। अधिकारियों ने आशंका जतायी है कि प्रभावित इलाकों तक खोज दलों की पहुंच बढ़ने और अतिरिक्त शव बरामद होने के साथ मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।