फोरेस्ट क्लीयरेंस में देरी नहीं चलेगी

लंबित एफसीए मामलों पर सख्त हुए उपायुक्त, अधिकारियों को समयबद्ध निपटारे के दिए निर्देश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने जिला में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित लंबित एफसीए (वन संरक्षण अधिनियम) अनुमति मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वह मंगलवार को डलहौजी और चुराह वन मंडलों के तत्वावधान में एनआईसी में आयोजित एफसीए मामलों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों और वन विभाग को लंबित मामलों में आवश्यक विभागीय प्रक्रिया जल्द पूरी कर अनुमति के लिए आगे भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी रोकने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने एफआरसी के तहत पंचायत स्तर पर गो-सदन, पार्किंग और संपर्क सडक़ निर्माण से संबंधित मामलों में वन अनुमति की प्रक्रिया भी निर्धारित समय में पूरी करने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति, देरी के कारणों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।

ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी डलहौजी डॉ. कुलदीप जंबाल, वनमंडलाधिकारी चुराह सुशील कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र कुमार, कनव बडोत्रा, जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।