कैबिनेट मंत्री कटारूचक्क ने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-पठानकोट
पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने सोमवार को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर विकास के कार्यालय सरना में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा हलका भोआ सहित जिला पठानकोट में चल रहे सडक़ निर्माण, सडक़ कनेक्टिविटी, बिजली आपूर्ति को मजबूत करने, नए बिजली फीडर स्थापित करने, ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाने तथा मंडी बोर्ड की ओर से करवाए जा रहे सडक़ कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए, कि जनहित से जुड़े सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा, कि सडक़ और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का सीधा संबंध आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से है। इसलिए इन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान कटारूचक्क ने बताया, कि हलका भोआ और पूरे पठानकोट जिले में सडक़ एवं बिजली से संबंधित कार्यों की जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि हलका भौआ में करीब 425 करोड़ रुपए की लागत से सडक़ विकास के कार्य चल रहे हैं।
बरसात के कारण कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन मौसम में सुधार होते ही इन कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंत्री ने बताया, कि हलका भौआ के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 11 से 12 नए बिजली फीडर स्थापित किए जाने हैं। कई स्थानों पर इनका काम पहले ही शुरू हो चुका है। भड़ोली, रछपालमा सहित अन्य क्षेत्रों में नए फीडरों की प्रगति रिपोर्ट भी अधिकारियों से ली गई। मंत्री ने बताया कि पठानकोट जिले में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से करीब 100 करोड़ रुपए के फंड उपलब्ध करवाए गए हैं। बैठक में इन फंडों के उपयोग तथा प्रस्तावित कार्यों को तेजी से लागू करने संबंधी भी चर्चा की गई।