एजेंसियां— काठमांडू
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ पहली बार आमने-सामने बैठक की। दोनों नेताओं के बीच नेपाल-भारत संबंधों, विकास साझेदारी और आपसी सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, बैठक में बालेन शाह ने भारत के साथ नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने दोनों देशों के साझा हितों वाले क्षेत्रों में मिलकर काम करने की बात भी कही।
भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मुलाकात के दौरान बालेन शाह को बधाई दी और दोनों देशों के बीच रिश्तों तथा सहयोग को आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बालेन शाह को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान भारत और नेपाल के बीच पहले से मजबूत और बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
विकास-आपसी हितों पर भी बातचीत
नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सिंह दरबार में नेपाल के मंत्रिपरिषद से भी मुलाकात की। भारतीय राजदूत और नेपाली प्रधानमंत्री के बीच यह बैठक लगभग एक घंटे तक चली। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के अलावा आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने विकास परियोजनाओं, सहयोग के संभावित नए क्षेत्रों और नेपाल-भारत साझेदारी को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया।