गुरदेव नगर बारिश के पानी, सीवेज ओवरफ्लो से परेशान, थोड़ी सी बारिश में घरों में घुस रहा पानी

लोगों ले प्रशासन से समाधान की उठाई मांग, हलकी सी बारिश में घरों में घुस रहा पानी

निजी संवाददाता — जीरकपुर

जीरकपुर के वार्ड 29 के तहत गुरदेव नगर कॉलोनी के लोग लंबे समय से नरक जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। इलाके में सीवर ओवरफ्लो, बारिश के पानी की निकासी न होने, टूटी सडक़ों और गंदे पीने के पानी की गंभीर समस्याओं के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इस समस्या के पक्के समाधान के लिए गुरदेव नगर के सभी लोगों ने एक साथ आकर नगर परिषद के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह विर्क और जीरकपुर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी परविंदर सिंह भट्टी से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि जब भी थोड़ी सी बारिश होती है, तो मेन भबात रोड से सारा बारिश का पानी और सीवेज वापस भरकर गुरदेव नगर में लोगों की गलियों और घरों में घुस जाता है, जिससे हर साल कॉलोनी के लोगों को लाखों रुपए का नुकसान होता है।

गलियों में लगातार पानी जमा रहने से बदबू फैल रही है और मच्छरों के पनपने से बीमारियां फैलने का डर है। इस समस्या के समाधान के लिए कॉलोनी निवासियों ने मांग की है कि गुरदेव नगर को मेन भबात रोड से जोडऩे वाली सडक़ पर स्थित नेशनल वेल्डिंग की दुकान के पास एक बड़ा रैंप बनाया जाए, ताकि मेन रोड का पानी कॉलोनी में न घुसे। इसके अलावा उसी दुकान के पास मेन सीवरेज के डेड प्वॉइंट को लकी वाटर टैंकर के पास बने मेनहोल से जोड़ा जाए, ताकि सीवर ओवरफ्लो की समस्या खत्म हो सके। इसके साथ ही कॉलोनी की टूटी-फूटी सडक़ों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक कराने की भी मांग की गई है। कॉलोनी निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर नगर परिषद ने इन समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं कियाए तो लोग संघर्ष का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।