HP WEATHER : प्रदेश में फिर से झमाझम बरसेगा मानूसन, इस दिन का अर्लट जारी

31 अगस्त से भारी बारिश का अलर्ट जारी
तीन सितंबर तक झमाझम

कार्यालय संवाददाता-शिमला

प्रदेश में बीते कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के फिर से सक्रिय होने के आसार लग रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 31 अगस्त से तीन सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इन चार दिनों के दौरान कुछ हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सितंबर महीने की शुरुआत प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ होने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 अगस्त को भी राज्य में मौसम खराब रह सकता है और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इन दोनों दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 31 अगस्त और पहली सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दो और तीन सितंबर को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार इस दौरान बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।

प्रदेश की 67 सडक़ों पर थमे गाडिय़ों के पहिए

प्रदेश में शुक्रवार शाम तक भू-स्खलन के कारण 67 सडक़ें बंद थीं। इनमें मंडी जिला 28 और कुल्लू में 16 सडक़ें बंद रहीं। इसके अलावा 12 बिजली ट्रांसफार्मर और एक पेयजल योजना प्रभावित रही। 30 जून से अब तक ऐसी घटनाओं में 247 लोगों की मौत हुई है और 396 लोग घायल हुए हैं। इस अवधि में 96 मकान, 17 दुकानें और 377 पशुशालाएं पूरी तरह नष्ट हुई हैं। 429 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। मानसून के कारण प्रदेश में अब तक करीब 1,183 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान आंका गया है।