इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व कप्तान इमरान ख़ान को पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इलाज के लिए इस्लामाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटनाक्रम मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय बेंच द्वारा दिए गए आदेश के बाद हुआ। जस्टिस शाहिद वहीद की अध्यक्षता वाली बेंच ने सरकार को इमरान ख़ान को जांच और इलाज के लिए शिफ़ा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाने का निर्देश दिया था। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) ने उनकी बिगड़ती सेहत का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की मांग को लेकर याचिका दायर की थी।
इमरान ख़ान को शुक्रवार तडक़े कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, यह अभी साफ़ नहीं है कि 73 वर्षीय इमरान ख़ान अस्पताल में कितने समय तक रहेंगे। पीटीआई ने एक बयान में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अडियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफ़ा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया है। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की बेंच के आदेश पर पुनर्विचार की मांग की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय ने अधूरे दस्तावेज़ होने का हवाला देते हुए सरकार की याचिका वापस कर दी। सरकार का कहना है कि इमरान ख़ान को अपनी पसंद के निजी अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति देना भेदभावपूर्ण होगा। पाकिस्तान के दैनिक अख़बार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक़, सरकार रजिस्ट्रार की आपत्तियों के ख़िलाफ़ अपील के साथ कुछ संशोधनों के साथ नई याचिका दायर कर सकती है।
इमरान ख़ान की पार्टी और उनके वकील इस साल फऱवरी से ही उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते रहे हैं। एक समय पार्टी ने दावा किया था कि उनकी दाईं आंख में एक बीमारी विकसित होने के बाद उनकी नजऱ सिर्फ़ 15 प्रतिशत रह गई थी और इस बीमारी का समय पर इलाज नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें कई बार इस्लामाबाद के सरकारी पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, हालांकि हर बार उनका वहां रहना कुछ समय के लिए ही रहा। इस साल की शुरुआत में 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को एक खुला ख़त भी लिखा था। इसमें उन्होंने इमरान ख़ान की सेहत को लेकर गहरी चिंता जताई और उनके साथ सम्मान और बुनियादी मानवीय संवेदनाओं के साथ इलाज किए जाने की मांग की थी। इन पूर्व कप्तानों में ग्रेग चैपल, सुनील गावस्कर और कपिल देव भी शामिल थे। इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। वह भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में मिली अलग-अलग जेल की सज़ाएं काट रहे हैं। हालांकि इमरान ख़ान और उनकी पार्टी इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। राहुल पैलेट गन पीडि़त मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे