भारत-रूस में और पक्की हुई दोस्ती, पुतिन से मिले जयशंकर; सौंपा पीएम मोदी का खास संदेश, कई मुद्दों पर चर्चा

मास्को में पुतिन से मिले जयशंकर; सौंपा पीएम मोदी का खास संदेश, व्यापार-ब्रिक्स संग कई मुद्दों पर चर्चा

एजेंसियां — मास्को

विदेश मंत्री एस. जयशंकर दो दिन के रूस के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात कर क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं देते हुए रूसी राष्ट्रपति को उनका व्यक्तिगत संदेश सौंपा। जयशंकर ने कहा कि भारत और रूस के बीच आर्थिक सहयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और दोनों देशों के बीच सहयोग की तस्वीर काफी मजबूत है। मॉस्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक के बाद जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके माध्यम से व्यक्तिगत संदेश भेजा है, जिसे उन्होंने रूसी राष्ट्रपति तक पहुंचाया। जयशंकर ने कहा कि अंतर-सरकारी आयोग की बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। इसमें व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु सहयोग समेत कई अन्य क्षेत्र शामिल रहे।

उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच आर्थिक सहयोग में काफी महत्त्वपूर्ण वृद्धि हुई है। दोनों देश आने वाले समय में इन क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति से एससीओ समिट के दौरान मुलाकात की उम्मीद रखते हैं। इसके बाद भारत ब्रिक्स समिट के लिए रूसी राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए तैयार है। जयशंकर ने यह भी कहा कि दोनों नेताओं की आपसी सुविधा के अनुसार आगे चलकर वार्षिक शिखर बैठक भी आयोजित की जाएगी। जयशंकर ने कहा कि भारत और रूस के बीच सहयोग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग को देखते हुए दोनों देशों के संबंधों को लेकर एक मजबूत तस्वीर सामने आती है।

विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति से पूछा, आशा है आप ठीक होंगे

क्रेमलिन में जयशंकर और पुतिन की मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुतिन क्रेमलिन में गर्मजोशी से जयशंकर का स्वागत करते दिख रहे हैं। जयशंकर के साथ रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार भी थे। पुतिन ने उनसे भी हाथ मिलाया और स्वागत किया। इस दौरान जयशंकर ने पुतिन से पूछा कि आशा है आप ठीक होंगे। पुतिन ने इसका जवाब मुस्कुराते हुए दिया।