वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
राज्य बिजली बोर्ड में अनुबंध पर तैनात जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी अकाउंटस नियमित होंगे। इसके लिए बोर्ड प्रबंधन ने प्रक्रिया आरंभ कर दी है और संबंधित कर्मचारियों का रिकॉर्ड मुख्यालय भेजने के निर्देश जारी किए है। बहरहाल नियमित होने की आस में बैठे इन कर्मचारियों के लिए जल्द ही खुशखबरी मिल सकती है। जानकारी के अनुसार राज्य बिजली बोर्ड में अनुबंध आधार पर नियुक्त हुए जेओए आईटी अकाउंट्स की नियमितीकरण को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बोर्ड प्रबंधन ने इस संबंध में सभी मुख्य, अधीक्षण और वरिष्ठ अधिशाषी अभियंताओं को निर्देश जारी किए है।
जिसमें प्रबंधन ने अधिकारियों को 30 सितंबर 2026 तक की अवधि में लगातार दो वर्षों का सेवाकाल पूरे करने वाले उपरोक्त अनुबंध कर्मचारियों का सेवा विवरण समेत कार्य एवं आचरण प्रमाण पत्र तत्काल बोर्ड मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए है। निर्देश में कहा गया है कि पात्र कर्मचारियों का पूरा सेवा विवरण निर्धारित प्रारूप में बिना देरी के भेजा जाए। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक दस्तावेज ई-मेल के माध्यम से तत्काल भेजने होंगे, ताकि नियमितीकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
स्पॉट काउंसिलिंग में बीटेक की 315 सीटें आबंटित
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में बुधवार को बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) में खाली सीटों को भरने के लिए मंगलवार को स्पॉट काउंसिलिंग हुई। स्पॉट काउंसिलिंग में जमा दो की मेरिट के आधार पर 315 अभ्यर्थियों को बीटेक की विभिन्न ब्रांच में सीटें आबंटित की गई, हालांकि देर सायं तक स्पॉट काउंसलिंग जारी रही। स्पॉट काउंसिलिंग में जिन अभ्यर्थियों को सीटें आबंटित की गई है उन्हें 17 अगस्त सायं पांच बजे तक संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करनी होगी। बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) में ईडब्ल्यूएस और टीएफडब्ल्यू श्रेणी वाले अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 13 अगस्त को तकनीकी विवि परिसर में ही होगी।