रक्षाबंधन पर बड़ा हादसा, कुल्लू में पहाड़ी से टकराई HRTC बस, 10 सवारियां घायल

कुल्लू। जिला कुल्लू में भेखली-ब्यासर सडक़ पर बजोहन के पास शुक्रवार को एचआरटीसी की बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराई। बस ब्यासर से कुल्लू की ओर आ रही थी। हादसे में बस में सवार 10 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके के लिए रवाना की गईं। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया जा रहा है। फिलहाल कुछ एंबुलेंस घायलों को लेकर कुल्लू अस्पताल पहुंचने वाली हैं। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में घायलों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट किया गया है। सीएमओ कुल्लू डॉ. रणजीत ठाकुर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संतुष्ट शर्मा सहित अन्य चिकित्सक घायलों के उपचार में जुटे हैं। वहीं एडीएम जयवंती ठाकुर भी मौके पर पहुंची। घायलों का हालचाल पूछा। अस्पताल में घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद एएसपी कुल्लू भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस सडक़ से अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई है। हादसे में किसी तरह की अन्य क्षति के संबंध में फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।