कोलकाता में बड़ा हादसा, होटल में आग लगने से बच्चे समेत 9 लोगों की मौत, कई गंभीर घायल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मध्य कोलकाता की फ्री स्कूल स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में मंगलवार देर रात लगी भीषण आग आसपास के होटलों तक फैल जाने से एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना कल रात करीब दो बजे होटल की तीसरी मंजिल से मिली। घने धुएं ने जल्द ही कमरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उस समय सो रहे कई मेहमान अंदर ही फंस गए। इमारत से बाहर निकलने के संकरे रास्ते से भागने की कोशिश के दौरान लोगों में अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल कर्मी न्यू मार्केट थाने के पुलिसकर्मियों और आपदा प्रबंधन दल के साथ मौके पर पहुंचे। होटल और आसपास के प्रतिष्ठान एक संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल के अंदर तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। दमकल कर्मियों ने शुरुआत में बाहर से आग बुझाने का प्रयास किया और बाद में इमारतों के अंदर प्रवेश कर बचाव अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से कई लोग धुएं के कारण बेहोश हो गए थे, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक मरने वालों में से ज्यादातर लोग आग से बुरी तरह झुलसे नहीं थे। डॉक्टरों को शक है कि धुआं अंदर जाने से दम घुटने के कारण मौतें हुई होंगी, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने होटल की घेराबंदी कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दमकल विभाग के शुरुआती अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी, हालांकि जांचकर्ता सभी संभावित कारणों की पड़ताल करेंगे। फोरेंसिक विशेषज्ञों के भी घटनास्थल का दौरा करने की उम्मीद है।

यह हादसा बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में लगी आग में नौ लोगों की मौत के ठीक एक दिन बाद हुआ है। पुलिस ने उस घटना के सिलसिले में होटल के मालिक प्रबीर पाल और उनके बेटे कल्याण आशीष पाल को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल बुर्राबाजार के मेचुआ फ्रूट मार्केट इलाके में एक होटल में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत हो गई थी।