अब सरकार के आर्थिक सलाहकार बोले, E20 से गाडिय़ों को नुकसान

ई10 पेट्रोल फिर शुरू हो फ्यूल में ज्यादा इथेनॉल मिलाया तो खाद्य संकट संभव

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन (सीईए) का कहना है कि ई20 पेट्रोल से गाडिय़ों में नुकसान हो रहा है। पुराने टू-व्हीलर्स के लिए ई10 पेट्रोल की बिक्री फिर से शुरू की जानी चाहिए। नागेश्वरन ने एक आर्टिकल में कहा कि भारत ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का लक्ष्य समय से पहले हासिल करके अरबों रुपए तो बचा लिए, लेकिन अब नया संकट खड़ा हो रहा है।

सरकार का दावा है कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से कच्चे तेल के इम्पोर्ट में कमी आई है। इससे अरबों रुपए की बचत हुई है। इथेनॉल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए गन्ना, मक्का और चावल जैसी खाद्य फसलों को बड़े पैमाने पर इथेनॉल फैक्टरियों में भेजा जा रहा है। अगर इथेनॉल बनाने वाली कंपनियां ज्यादा दाम देकर मक्का खरीदने लगेंगी, तो पोल्ट्री और डेयरी इंडस्ट्री के लिए चारा महंगा हो जाएगा। नतीजा यह होगा कि अंडे, चिकन और दूध के दाम बढ़ेंगे, जिससे सीधे तौर पर खाद्य महंगाई को बढ़ावा मिलेगा।