आपदा से निपटने के कामों में तेजी लाएं अधिकारी

बाढ़-भूस्खलन रोकथाम कार्यों की डीसी ने जांची रफ्तार, स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों के सुधार कार्यों पर फोकस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को एनआईसी कक्ष में राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी उपमंडलों में चल रहे आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान बाढ़ सुरक्षा कार्यों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे बचाव एवं सुधार कार्यों, अग्नि सुरक्षा उपायों तथा विद्यालय भवनों के सुदृढ़ीकरण सहित अन्य आवश्यक कार्यों की समीक्षा की गई।

लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपायुक्त को दी। इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य सार्वजनिक भवनों में चल रहे सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत स्वीकृत सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

ये-ये रहे मौजूद
बैठक में अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग जितेंद्र शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग कनव बडोत्रा सहित विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।