खेलो इंडिया संवाद में चंबा के युवाओं ने सुनी पीएम की बात, गूंजा खेलों का संदेश, खिलाड़ी हुए सम्मानित
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय महाविद्यालय चंबा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के जिला चंबा नोडल अधिकारी प्रो. अविनाश ने बताया कि इस पहल के तहत देश के प्रत्येक जिले से दो उच्च शिक्षण संस्थानों का चयन कार्यक्रम में भागीदारी के लिए किया गया था। इसी कड़ी में राजकीय महाविद्यालय चंबा का चयन वर्चुअल आयोजन के लिए हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, खिलाडिय़ों और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवियों से डिजिटल माध्यम से संवाद किया।
उन्होंने युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं समग्र विकास में खेलों के महत्व पर चर्चा करते हुए खेलों में सफलता के लिए अनुशासन, टीम भावना, समर्पण और दृढ़ता को आवश्यक बताया। महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा एनएसएस स्वयंसेवी, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवी, विद्यार्थी और खिलाड़ी भी मौजूद रहे। इस दौरान चंबा के एथलेटिक्स और कबड्डी से जुड़े खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय प्रशासन, एनएसएस स्वयंसेवियों, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवियों और खिलाडिय़ों के सहयोग से किया गया।