राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले गरमाई सियासत, जगह-जगह लगे विवादित पोस्टर

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को प्रस्तावित प्रयागराज दौरे से पहले शहर में जगह-जगह विवादित पोस्टर लगाए जाने से सियासी माहौल गरमा गया है। इन पोस्टरों में राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए झारखंड के छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शहर में लगाए गए एक पोस्टर पर लिखा है, “जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए”, जबकि दूसरे पोस्टर में सवाल किया गया है, “जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय तो राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए।” एक अन्य पोस्टर पर लिखा है, “कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है।” पोस्टरों पर राहुल गांधी की तस्वीर भी लगाई गई है।

एक पोस्टर में “नीट पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज वाउ, झारखंड छी” जैसे शब्द लिखकर राहुल गांधी पर निशाना साधा गया है। हालांकि इन पोस्टरों को किसने लगाया है, इसका अभी पता नहीं चल सका है और किसी संगठन या व्यक्ति ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगाए हैं। वहीं, उनके विरोध में विवादित पोस्टर सामने आने से पोस्टर वार शुरू हो गया है। राहुल गांधी शनिवार को नीट पेपर लीक समेत छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद कार्यक्रम ‘गूंज’ के तहत प्रयागराज पहुंच रहे हैं। बारिश के बाद मौसम में ठंडक के बावजूद उनके दौरे से पहले शहर का सियासी तापमान बढ़ा हुआ है।