फिर धरने पर बैठे राहुल गांधी, पैलेट गन मामले में FIR दर्ज करने पर अड़े कांग्रेस नेता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—नई दिल्ली

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पैलेट गन पीडि़त के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर दिल्ली के मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय के बाहर शुक्रवार को धरने पर बैठ गए। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पीडि़त साहिल लोचव ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी लेकिन पुलिस ने शिकायत का आईओ नंबर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन शिकायत की पावती तक नहीं दी गई।

श्री गांधी का आरोप है कि मामला संज्ञेय अपराध से जुड़ा होने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। इसी मामले में पीडि़त के साथ श्री गांधी पहले मंदिर मार्ग पुलिस थाने पहुंचे और बाद में डीसीपी कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस सूत्रों ने कहा है कि पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज न किए जाने के विरोध में श्री गांधी डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और मामले में प्राथमिकी दर्ज होने तक वहां से नहीं जाने पर अड़े हैं।