छपरा। बिहार में सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा और ट्रक के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए । पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां रविवार की रात अपने परिवार के सदस्यों को चिकित्सक से दिखाकर ई-रिक्शा से गड़खा थाना क्षेत्र से लौट रहे थे। इसी दौरान सोनहो टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में फारूक मियां, शहीदा खातून और शना खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अर्श आलम ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायलों कोइलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।