स्कूली छात्र पढ़ेंगे ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मोबाइल लाइब्रेरी वैन को दिखाई हरी झंडी

कार्यालय संवाददाता-शिमला

सरकारी प्राथमिक स्कूलों के बच्चों में किताबें पढऩे की आदत विकसित करने और पढ़ाई को बोझ के बजाय आनंददायक बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश में विशेष अभियान शुरू किया गया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को राज्य सचिवालय शिमला से ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ पठन अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने मोबाइल लाइब्रेरी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को किताबों से जोडऩे और पढऩे के लिए प्रेरित करेगी। अभियान के तहत आठ सितंबर तक सभी सरकारी प्राथमिक स्कूलों में अलग-अलग पठन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश ने यह अभियान रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के सहयोग से शुरू किया है।

इसका उद्देश्य बच्चों में केवल किताब पढऩे की आदत डालना नहीं, बल्कि पढ़ी गई सामग्री को समझने, उस पर विचार करने, अपने विचार व्यक्त करने और रचनात्मकता विकसित करने की क्षमता बढ़ाना भी है। अभियान के दौरान स्कूलों में बच्चों के लिए रोजाना दस मिनट का विशेष पठन समय निर्धारित किया जाएगा।

कहानी लिखने का मौका

बच्चों को किताब पढऩे के बाद उसके पात्रों, घटनाओं या विचारों से प्रेरित होकर अधिकतम 100 शब्दों की अपनी छोटी कहानी लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। बेहतर कहानियों को कक्षा या पुस्तकालय में प्रदर्शित किया जाएगा। कक्षाओं में ‘रीडिंग रिफ्लेक्शन कॉर्नर’ भी बनाए जाएंग।

समग्र शिक्षा निदेशक बोले

समग्र शिक्षा के निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि अभियान राष्ट्रीय पठन अभियान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप तैयार किया गया है। इसके तहत स्कूलों में जीवंत पुस्तकालयों की अवधारणा को मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा निदेशक आशीष कोहली सहित समग्र शिक्षा के अधिकारी मौजूद रहे।