दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
यात्रियों से भरी स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को टेकऑफ से ठीक पहले वापस बे यानी पार्किंग एरिया में लौटना पड़ा। दरअसल, दिल्ली से पुणे जा रही फ्लाइट का एयर कंडीशनिंग (एसी) सिस्टम खराब हो गया था, जिसकी वजह से केबिन में भीषण गर्मी और उमस हो गई। केबिन का टेम्परेचर इतना बढ़ गया कि कुछ यात्रियों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। हालात इस कदर बिगड़ गए कि करीब 150 यात्रियों ने आगे का सफर करने से ही इनकार कर दिया। कुछ महिला यात्रियों की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें व्हीलचेयर के सहारे टर्मिनल तक ले जाना पड़ा। यात्रियों के विरोध के बाद फ्लाइट रद्द कर दी गई। इसके बाद यात्री छह घंटे से ज्यादा समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
बुधवार सुबह दूसरी फ्लाइट से उन्हें पुणे पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि मंगलवार देर दिल्ली से फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी, लेकिन यह डिले होकर रात 11:30 बजे के लिए रीशेड्यूल हो गई। जब यात्रियों ने विमान में बोर्ड किया, तो अंदर काफी गर्मी और उमस थी। भीषण गर्मी और वेंटिलेशन न होने की वजह से कई यात्रियों को घुटन महसूस होने लगी। विमान में कुछ गर्भवती महिलाएं भी सफर कर रही थीं और पसीने से लथपथ कई लोग बेहोश होने की कगार पर पहुंच गए थे। इसके बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।