स्टाफ रिपोर्टर — सुंदरनगर
सुंदरनगर के गांव भेचछना निवासी सूबेदार भूपिंदर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 7077 मीटर ऊंची लद्दाख की माउंट कुन चोटी को सफलतापूर्वक समिट कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। सूबेदार भूपिंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम गत 29 जुलाई को नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग से पर्वतारोहण अभियान के लिए रवाना हुई थी। कठिन परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच टीम ने अभियान को आगे बढ़ाया और 15 अगस्त को माउंट कुन के शिखर पर पहुंचकर सफलता हासिल की और तिरंगा फहराया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में टीम लेह में है और उनका अगला लक्ष्य 7135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी को फतह करना है। फरवरी 2026 में उन्होंने दक्षिण अमरीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकोंकागुआ का भी सफल आरोहण किया था।