कीव। यूरोपीय संघ ने बंदरगाहों की नाकेबंदी के कारण यूक्रेनी किसानों को अतिरिक्त 22 करोड़ यूरो (25.7 करोड़ डॉलर) देने से इनकार कर दिया है। यूक्रेनी समाचार पत्र यूरोपीय प्रावदा ने यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता मार्कस लैमर्ट के हवाले से यह जानकारी दी। गत 23 जुलाई को यूक्रेन के कृषि नीति मंत्री तारास वायसोस्की ने कहा था कि जहाज मालिकों के फैसले के कारण जहाजों ने यूक्रेनी बंदरगाहों में प्रवेश करना बंद कर दिया है।
अगस्त की शुरुआत में माल ढुलाई एजेंटों के संघ ने बंदरगाहों की नाकेबंदी के कारण पोलिश सीमा पर परिवहन व्यवस्था चरमराने की जानकारी दी थी। पोलैंड में प्रवेश के लिए करीब 6,500 ट्रक कतार में खड़े थे और प्रतीक्षा अवधि सात दिन तक पहुंच गई थी। रिपोर्ट के अनुसार यूरोपीय आयोग पहले से ही मध्यस्थ संस्थाओं के माध्यम से यूक्रेनी बैंकों के लिए ऋण कार्यक्रमों का समर्थन करता है। ये बैंक उद्यमियों और विशेष रूप से किसानों को ऋण उपलब्ध कराते हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगस्त की शुरुआत में यूक्रेन के कृषि मंत्रालय ने यूरोपीय आयोग से छोटे और मध्यम आकार के यूक्रेनी कृषि उत्पादकों के ऋण पर ब्याज की भरपाई के लिए 22 करोड़ यूरो की गैर-वापसी योग्य सहायता देने की संभावना पर विचार करने का अनुरोध किया था। यूक्रेन के कृषि मंत्रालय ने अगस्त की शुरुआत में कहा था कि देश के बंदरगाहों में लॉजिस्टिक समस्याओं के कारण 2026-27 में यूक्रेन का कृषि निर्यात आधा रह सकता है।