दिव्य हिमाचल ब्यूरो — पालमपुर
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ओपीएस में किसी भी स्तर पर कोई बदलाव नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की है और सरकार अपने इस फैसले पर पूरी तरह कायम है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने इलेक्ट्रिक बस में सफर भी किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं और इन्हें निर्धारित रूटों पर चलाया जाएगा। जहां-जहां चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो चुके हैं, वहां इन बसों का संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में 1000 और इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जाएंगी। डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि डीजल बसों की खरीद अब मुख्य रूप से लंबे रूटों के लिए 47 सीटर बसों तक सीमित रखी जाएगी। करीब 300 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से एचआरटीसी के बेड़े से हटाया जाएगा।
मेडिकल कॉलेजों-धार्मिक स्थानों के लिए इलेक्ट्रिक बसें
डिप्टी सीएम ने कहा कि पीजीआई, एम्स बिलासपुर, आईजीएमसी शिमला सहित मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख धार्मिक स्थानों के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे लोगों को उपचार के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक स्थलों तक बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने पालमपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर आयुष, खेल एवं विधि मंत्री यादविंदर गोमा, विधायक आशीष बुटेल, जगजीवन पाल, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, त्रिलोक चंद, राधा सूद, नीलम मलिक, नेत्रा मेती, दीपक गर्ग, विशाल जसवाल, पंकज चड्ढा, ओपी यादव, नितेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
साजिश नहीं, विकास की राजनीति करती है कांग्रेस
पालमपुर — धर्मशाला में सुधीर शर्मा और मुख्यमंत्री के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीति का मुख्य केंद्र विचारधारा और एजेंडा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास, कल्याण और गरीबों की सेवा राजनीति का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। कांग्रेस सरकार चरित्र हनन या साजिश की राजनीति में विश्वास नहीं करती। गैर-जरूरी मुद्दों के जरिए प्रदेश का ध्यान विकास और जनकल्याण से हटाने की राजनीति नहीं होनी चाहिए। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा जिले के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एयरपोर्ट पर करीब 4,000 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। कांगड़ा में प्रदेश का बड़ा जू भी विकसित किया जा रहा है, जिसकी लागत 500 करोड़ रुपए से अधिक होने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल में किसे शामिल करना है और किसे नहीं, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। जब भी पार्टी नेतृत्व उनसे राय या सुझाव मांगेगा, वह अपनी बात रखेंगे।