गरीब परिवारों की पहचान में नहीं होगा भेदभाव

विधानसभा अध्यक्ष ने बीपीएल परिवारों सुनीं समस्याएं
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बीपीएल परिवारों के चयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित कर प्रदेश सरकार ने गरीब एवं वंचित वर्गों को उनकी पात्रता के आधार पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। वह बुधवार को बीपीएल चयनित परिवारों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले प्रत्येक पात्र परिवार की पहचान हो और उसे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान सर्वेक्षण के अनुसार चंबा जिला में करीब 50 हजार परिवार बीपीएल श्रेणी में चिन्हित हुए हैं। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद परिवारों की पहचान के आधार पर आठ चरणों में पूरी की गई है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने में भी प्रदेश सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को सात लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों की महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय छोटी से छोटी आर्थिक सहायता भी गरीब परिवार के लिए महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान उन्होंने लोगों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया। इससे पहले उपमंडलाधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा ने स्वागत संबोधन में विकासखंड भटियात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।