अमरावती। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को अमरावती के जिला महिला अस्पताल में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए। फडणवीस ने एक बयान में इस घटना को “बेहद दुखद और हृदयविदारक” बताते हुए मृतक शिशुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्वास्थ्य प्रशासन को घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए और कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव को सोमवार को अमरावती पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मृतक शिशुओं के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। फडणवीस ने अमरावती के जिलाधिकारी को घायल बच्चों का उपचार सरकारी खर्च पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि राहत की बात है कि आग लगने के बाद अस्पताल से 36 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।