चंडीगढ़ में BKI से जुड़े तीन संदिग्ध गिरफ्तार, विस्फोटक और हथियार भी बरामद

चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब पांच किलो जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स एवं रिमोट ऑपरेटेड सिस्टम, एक पिस्तौल, एक मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार शनिवार को मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर थाना-36 में एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट की धारा 4(बी) और पांच के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तरनतारन निवासी 19 वर्षीय लवप्रीत सिंह, 21 वर्षीय जशनप्रीत सिंह उर्फ जशंदीप और अमृतसर निवासी 19 वर्षीय प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे बीकेआई से जुड़े हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने चंडीगढ़ में आईईडी लगाने की योजना बनाई थी, जिसका उद्देश्य आतंक फैलाना था। पुलिस ने बरामद विस्फोटक सामग्री, ट्रिगरिंग उपकरण और हथियारों को कब्जे में ले लिया है। अब जांच के दौरान विस्फोटक सामग्री के स्रोत, आरोपियों के व्यापक नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। चंडीगढ़ पुलिस ने कहा कि शहर की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है और शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।