धर्मशाला। पश्चिम बंगाल के सुंदरबन क्षेत्र से आए सोमन देवनाथ इन दिनों साइकिल पर भारत भ्रमण कर रहे हैं। उनके इस सफर का उद्देश्य ‘पुनर्मिलन भारत’, ‘एक पेड़ एक जीवन’ और ‘इंडियन यूथ एंड स्पोर्ट्स’ जैसे संदेशों को देशभर में पहुंचाना है। वह 28 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा पूरी करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। देवनाथ के अनुसार, वह अब तक पश्चिम बंगाल से झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर होते हुए हिमाचल प्रदेश पहुंचे हैं। उनका कहना है कि आगे भी साइकिल से देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का सफर जारी रहेगा।
देवनाथ ने बताया कि उन्होंने 27 मई 2004 को दुनिया की यात्रा शुरू की थी। करीब 19 वर्षों में उन्होंने 191 देशों और सात महाद्वीपों का सफर किया। इस दौरान उन्होंने 36 राष्ट्राध्यक्षों और 72 प्रधानमंत्रियों से मुलाकात की। अपनी यात्राओं के दौरान वह स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में जाकर युवाओं से संवाद करते रहे तथा भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश साझा किए।
उन्होंने बताया कि 2004 से 2007 तक एशिया, 2007 से 2009 तक यूरोप, 2009 से 2012 तक यूरोप के अन्य हिस्सों, 2012 से 2015 तक अफ्रीका और 2015 से 2017 तक दक्षिण अमेरिका व अंटार्कटिका की यात्रा की। इसके बाद उन्होंने मध्य अमेरिका, कैरिबियन, अमेरिका, कनाडा सहित रूस, साइबेरिया, मंगोलिया और चीन की यात्रा की। कोविड महामारी के दौरान चीन में फंसने का अनुभव भी उन्होंने साझा किया। बीमारी और लॉकडाउन के बीच उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बाद में वह दक्षिण कोरिया पहुंचे और न्यूजीलैंड में भी लॉकडाउन के कारण करीब एक वर्ष तक रहे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण-पूर्व एशिया की यात्रा करते हुए 10 दिसंबर 2021 को भारत लौटे।
अब देवनाथ एक बार फिर साइकिल यात्रा पर हैं और भारत के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने तथा युवाओं को पर्यावरण, एकता और खेलों के प्रति जागरूक करने का संदेश दे रहे हैं। उनका कहना है कि इस यात्रा के दौरान स्थानीय सामाजिक संगठनों और युवाओं के साथ मिलकर काम करने का भी प्रयास किया जा रहा है।