शिमला — आदिवासी विभाग की नवनियुक्त अध्यक्ष अनुराधा राणा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
हिमाचल में जल्द ही एक बड़ा आदिवासी कांग्रेस सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। आदिवासी कांग्रेस की पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष विधायक अनुराधा राणा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया ने यह ऐलान किया है। बुधवार को राजीव भवन में लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने आदिवासी कांग्रेस विभाग की प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपना कार्यभार संभाला। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर डा. भूरिया ने कहा कि वर्तमान में देश मे 47 लोकसभा क्षेत्र आदिवासी हैं और उनमें 15 लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की मजबूत पकड़ है। उन्होंने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनावों में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी और देश के प्रधानमंत्री राहुल गांधी होंगे। इस मौके पर इस दौरान विधायक कमलेश ठाकुर, पीसीसी संगठन महासचिव विनोद जिंटा, किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, पीसीसी महासचिव अमित भरमौरी आदि पदाधिकारी मौजूद थे।
हिमाचल में मिशन रिपीट के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता
डा. विक्रांत भूरिया ने आदिवासी कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में मिशन रिपीट के लिए पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के लोगों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस ने कई कानून बनाए पर केंद्र में भाजपा नेतृत्व सरकार ने कभी भी इन कानूनों का लाभ आदिवासी समाज व उनके लोगों को नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा तो आदिवासी के नाम से ही नफरत करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आदिवासी क्षेत्रों के विकास व उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए कृतसंकल्प है।
विनय कुमार-जगत नेगी ने भी दी बधाई
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आदिवासी विभाग कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिये एकजुट होकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि विभाग में कर्मठ कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी में सदस्यता अभियान की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन में नए व ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया जाना चाहिए। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि अनुराधा राणा को पहली प्रदेश महिला अध्यक्ष बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।