एजेंसियां— कीव
यूक्रेन ने सोमवार को रूस के निजनेकाम्स्क शहर में ड्रोन हमले किए। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 48 अन्य घायल हो गए। तातारस्तान क्षेत्र के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि यूके्रनी ड्रोन ने किस चीज को निशाना बनाया, लेकिन यह शहर रूस का एक अहम तेल शोधन केंद्र है, जहां दो बड़ी रिफाइनरी और एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र मौजूद है। निजनेकाम्स्क यूके्रन की सीमा से करीब 1,200 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और इसकी आबादी लगभग 2.40 लाख है। जेलेंस्की ने रविवार देर रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हम पूरी तरह से उचित जवाब दे रहे हैं और रूस के हर हमले का जवाब दिया जाएगा। रूस के युद्ध का असर अब अपने ही घर यानी रूस में अधिक से अधिक महसूस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस युद्ध के जारी रहने का एकमात्र कारण यह है कि रूस इसे समाप्त नहीं करना चाहता।
वहीं, यूके्रन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि यह अभियान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बातचीत की मेज पर आने और युद्ध को समाप्त करने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। तातारस्तान प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के प्रेस सेवा कार्यालय के मुताबिक, निजनेकाम्स्क शहर में सोमवार सुबह औद्योगिक और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर बड़ा ड्रोन हमला किया गया। यूके्रनी अधिकारियों ने फिलहाल इस घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यूके्रन ने हाल के महीनों में लगभग रोज ही लंबी दूरी के ड्रोन के जरिए रूस के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी की स्थिति पैदा हुई है, तेल शोधन क्षमता प्रभावित हुई है और आम जनता में चिंता बढ़ी है।