Weather Update: चंडीगढ़-पंजाब में मानसून सक्रिय, 12 अगस्त तक बारिश के आसार

चंडीगढ़। चंडीगढ़ और पंजाब में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार 12 अगस्त तक दोनों क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बारिश के कारण चंडीगढ़ के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ मौसम केंद्र में 12.8 मिमी और एयरपोर्ट क्षेत्र में 38.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक चंडीगढ़ में कुल 412.6 मिमी मौसमी वर्षा रिकॉर्ड हो चुकी है।

पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस बठिंडा एयरपोर्ट पर दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस लुधियाना में रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने का अनुमान जताया है।