दिन भर थकान क्यों रहती है

घर, आफिस, बच्चों और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अकसर हम अपनी थकान को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, लगातार रहने वाली थकान हमेशा सिर्फ ज्यादा काम के कारण नहीं होती है, बल्कि यह शरीर में होने वाली कुछ समस्याओं और हमारी कुछ गलत आदतों के कारण भी हो सकती हैं। डाक्टर का कहना है कि कई बार हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें ही शरीर की एनर्जी को धीरे-धीरे प्रभावित कर रही होती हैं…

आजकल कई लोगों का दिनभर काम करने का मन नहीं करता है और छोटी-छोटी एक्टिविटी करने से ही उनके शरीर की एनर्जी कम हो जाती है। घर, आफिस, बच्चों और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अकसर हम अपनी थकान को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि, लगातार रहने वाली थकान हमेशा ज्यादा काम के कारण नहीं होती है, बल्कि यह शरीर में होने वाली कुछ समस्याओं और हमारी कुछ गलत आदतों के कारण भी हो सकती हैं। डाक्टर का कहना है कि कई बार हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें ही शरीर की एनर्जी को धीरे-धीरे प्रभावित कर रही होती हैं। वहीं, अगर सही तरह से आराम कर लें और लाइफस्टाइल में कुछ सुधार कर लें, तो इस थकान से बचा जा सकता है। जानिए इसके बारे में विस्तार से।

सुबह का नाश्ता छोड़ देना
कई लोग सुबह के समय इतने ज्यादा बिजी रहते हैं कि खाली पेट सिर्फ चाय-कॉफी पीकर ही अपने दिन की शुरुआत करते हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से पोषक तत्त्वों की कमी हो सकती है और दिन के दौरान एनर्जी लेवल कम हो सकता है। सुबह का भोजन बहुत हैवी करना जरूरी नहीं है। आप कोशिश करें कि उसमें प्रोटीन, फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का संतुलन शामिल हो। स्प्राउट्स, अंडे, दही, दूध, फल, नट्स या अनाज को डाइट में शामिल कर सकते हैं।

दिनभर पर्याप्त पानी न पीना
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने के कारण शरीर डिहाइड्रेट रह सकता है। हल्का डिहाइड्रेशन भी कुछ लोगों में थकान, सिरदर्द या चक्कर जैसी समस्या से जुड़ा हो सकता है। कई लोग आफिस या काम में बिजी रहने के कारण पानी पीना भूल जाते हैं। प्यास लगने का इंतजार करने के स्थान पर दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पिएं।

घंटों लगातार बैठे रहना
आफिस में घंटों कुर्सी पर बैठे रहना और काम के कारण अकसर लोग एक्टिव नहीं रह पाते हैं। लंबे समय तक बैठे रहना और फिजिकल एक्टिविटी बहुत कम होना शरीर को सुस्त महसूस करा सकता है। नियमित रूप से शरीर की मूवमेंट सिर्फ वजन के लिए नहीं, बल्कि मांसपेशियों, ब्लड सर्कुलेशन और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। अगर आपके पास लंबे वर्कआउट के लिए समय नहीं है तो दिनभर छोटे-छोटे ब्रेक्स लें। कुछ देर के लिए चलना, सीढिय़ां चढऩा फायदेमंद हो सकता है।

खराब नींद लेना
सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आप कितने घंटे सो रहे हैं, बल्कि नींद की क्वालिटी भी उतनी ही जरूरी होती है। देर रात तक मोबाइल चलाना, अनियमित स्लिपिंग शेड्यूल, बार-बार नींद खुलना, तनाव या कमरे का वातावरण खराब होने से नींद प्रभावित हो सकती है। कुछ महिलाओं में मनोपॉज के आसपास हॉट फ्लैशेज या बहुत ज्यादा पसीना आने के कारण नींद बार-बार टूट सकती है। अगर सुबह उठने के बाद भी लगातार नींद आती है, बहुत ज्यादा थकान रहती है या सांस रुकने जैसी समस्या होती है तो डाक्टर से कंसल्ट करना जरूरी है।

चाय-कॉफी ज्यादा पीना
थकान महसूस होते ही कई लोग चाय या कॉफी का सहारा लेते हैं। थोड़ी मात्रा में कैफीन कुछ लोगों को एक्टिव रखने में मदद कर सकती है, लेकिन इसे एनर्जी का समाधान नही मानना चाहिए। बार-बार कैफीन लेना, खासकर दिन के बाद में कुछ लोगों की स्लीप क्वालिटी को प्रभावित कर सकता है।

खाने में पोषक तत्त्वों की कमी
अगर आपकी डाइट में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, आयरन, विटामिन बी-12, फोलेट या अन्य पोषक तत्त्व नहीं हैं तो शरीर में पोषक तत्त्वों की कमी हो सकती है। इसलिएए अपने खाने में प्रोटीन और अन्य पोषक तत्त्वों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि यह दिनभर थकान बने रहने का कारण बन सकता है।

लगातार तनाव में रहना
दिनभर थकान रहने का एक बड़ा कारण लगातार तनाव लेना है। परिवार की चिंता, लगातार मल्टीटास्किंग काम करने से मानसिक रूप से थका हुआ महसूस करते हैं और इसका असर हमारे स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। स्ट्रेस को पूरी तरह खत्म करना हमेशा संभव नहीं होता है, लेकिन उसे मैनेज करना सीखा जा सकता है। इसके लिए वॉक करें, ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें, मेडिटेशन करें।

डाक्टर से कब मिलें
अगर आपने अपनी रूटीन में सुधार किया है और इसके बाद भी कई हफ्तों तक लगातार थकान बनी हुई है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। थकान के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिसमें एनीमिया, थायराइड डिसऑर्डर, डायबिटीज, पोषक तत्त्वों की कमी, नींद से जुड़ी समस्याएं, हार्मोनल बदलाव, इन्फेक्शन या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।