टीम-जवाली, राजा का तालाब
कांगड़ा जिला के उपमंडल फतेहपुर के कुटलाहर गांव की वीर नारी कल्पना धीमान ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और मेहनत की मिसाल पेश करते हुए एसएससी (डब्ल्यू) इन टी124 एंट्री के लिए एसएसबी सफलतापूर्वक पास कर लिया है। उन्होंने वीर नारी श्रेणी में आल इंडिया रैंक -1 हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। अक्तूबर में उनका सैन्य प्रशिक्षण शुरू होगा। कल्पना के पति मेजर अंकित धीमान अप्रैल 2025 में कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात रहते हुए देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। पति की शहादत के बाद जीवन में आए इस कठिन दौर में कल्पना ने हिम्मत नहीं हारी, बल्कि उनके पदचिह्नों पर चलकर देशसेवा करने का संकल्प लिया।
इनसे मिली प्रेरणा
कल्पना अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दिवंगत पति मेजर अंकित धीमान की प्रेरणा के साथ-साथ अपने ससुर जनवेद कुमार को देती हैं।