दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित डीईएलईडी, सीईटी-2026 की काउंसिलिंग प्रक्रिया का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। 21 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चली इस प्रक्रिया में प्रदेश भर के संस्थानों में उपलब्ध कुल 2,450 सीटों में से 1,308 सीटों पर अभ्यर्थियों को दाखिला मिल गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि यह आबंटन पूरी तरह से मेरिट, छात्रों द्वारा भरे गए विकल्पों और पारदर्शिता के मानकों का पालन करते हुए किया गया है। सीटों के आबंटन के आंकड़ों से स्पष्ट है कि अभ्यर्थियों की पहली पसंद सरकारी संस्थान ही रहे हैं।
प्रदेश के सरकारी डीईएलईडी संस्थानों में उपलब्ध 900 सीटों में से 746 सीटें पहले ही चरण में भर गई हैं और यहां मात्र 154 सीटें खाली बची हैं। दूसरी ओर, निजी संस्थानों में कई सीटें खाली रह गई हैं। निजी संस्थानों की सबसिडाइज्ड श्रेणी की 775 सीटों में से 408 सीटें आबंटित हुई हैं (367 रिक्त)। वहीं, नॉन-सबसिडाइज्ड श्रेणी की 775 सीटों में से केवल 154 सीटें ही भर पाई हैं, जबकि सर्वाधिक 621 सीटें इसी श्रेणी में खाली रह गई हैं।
1,142 रह गई खाली
पहले चरण के बाद भी 1,142 सीटें रिक्त रह गई हैं, जिन्हें आगामी चरणों में भरा जाएगा।