नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष समेत तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मारी। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) को किसी भी पद पर जीत नहीं मिली। मतगणना के अनुसार अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास ने 24,576 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन विजयी रहे। उन्हें 30,615 मत मिले, जबकि इशू मौर्य को 16,910 वोट हासिल हुए।
सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी ने 21,650 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि एनएसयूआई की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर भी एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की। उन्हें 16,615 वोट मिले, जबकि समाजवादी छात्र सभा (एससीएस) के विशेष यादव को 15,778 मत प्राप्त हुए।