शूटिंग के दौरान कैच पकड़ते वक्त हादसा, इस क्रिकेटर का कंधा हुआ डिसलोकेट

वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान चोटिल हो गए। जिससे अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज में उनके खेलने को लेकर संशय है। यह घटना इस सप्ताह के शुरुआत में एक कार्यक्रम में शूट के दौरान डाइव लगाकर कैच पकड़ने के प्रयास में हुई। इस दौरान कैच पकड़ने में रचिन का कंधा डिसलोकेट हो गया। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) के बयान में यह नहीं बताया गया है कि रचिन कितने समय तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे। हालांकि, इसमें कहा गया है कि उनकी वापसी का फैसला “रिहैब के शुरुआती सप्ताहों में उनके उपचार” को देखकर किया जाएगा।

शूटिंग के दौरान कैच पकड़ने की कोशिश में रचिन सेफ़्टी मैट पर अजीब तरह से गिरे। हालांकि शुक्रवार को उनकी शुरुआती जांच हुई और मेडिकल विशेषज्ञों ने कंधे को किसी बड़े नुकसान की बात से इनकार किया। न्यूज़ीलैंड का अगला मुक़ाबला अभी एक महीने से भी अधिक दूर है। भारत के खिलाफ उनका सभी प्रारूप का घरेलू दौरा 22 अक्तूबर से टी-20 सीरीज के साथ शुरू होगा। टी-20 सीरीज़ के लिए टीम का ऐलान अगले सप्ताह किया जाना है। एनजेडसी ने कहा है कि यह अभी “साफ नहीं है” कि रचिन उस सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं।

न्यूजीलैंड के परफ़ॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने कहा, “यह चोट वाकई बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें रचिन के लिए बहुत बुरा लग रहा है और हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यही है कि वह अच्छी तरह से ठीक हों और जैसे ही संभव हो, मैदान पर वापस लौटें। हमारे खिलाड़ियों से जुड़े सभी कमर्शियल शूट की तरह इस शूट से जुड़ी गतिविधियों पर सभी पक्षों की पहले से सहमति थी और जरूरी सुरक्षा इंतजाम भी किए गए थे। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था और आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों को लेकर हम अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करते रहेंगे।”

मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा कि न्यूजीलैंड रचिन को जल्दबाजी में मैदान पर वापस नहीं लाएगा। उन्होंने कहा, “अगले छह महीनों में टेस्ट क्रिकेट का कार्यक्रम बेहद व्यस्त है, इसलिए हम रचिन को ज़रूरत से पहले वापस लाने की जल्दबाजी नहीं करना चाहते। उनके रिहैब के लिए उन्हें बेहतरीन मेडिकल टीम की मदद मिल रही है और हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही हमारे साथ वापस होंगे।” पांच टी-20 मैचों की सीरीज एक नवंबर को खत्म होने के बाद न्यूजीलैंड और भारत नवंबर में पांच वनडे और उसके बाद दो टेस्ट मैच भी खेलेंगे। टेस्ट सीरीज से पहले इंडिया ए का न्यूजीलैंड दौरा भी होगा, जिसमें 24 अक्तूबर से 10 नवंबर के बीच तीन चार दिवसीय मैच खेले जाएंगे।